हरिद्वार , फरवरी 22 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने चाबी बनाने के बहाने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक सोने की अंगूठी बरामद की है, जबकि उसका साथी फरार चल रहा है।

पुलिस ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि हरिद्वार के शिवालिक नगर निवासी संदीप धीमान ने 9 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बुजुर्ग माताजी ने घर की गोदरेज अलमारी की चाबी बनवाने के लिए दो कारीगरों को बुलाया था। आरोप है कि दोनों ने चाबी बनाने का बहाना कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गए।

मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने तकनीकी व स्थानीय सुरागों के आधार पर मुख्य आरोपी गोविन्द छाबडा को उसके घर से धार में दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साले के साथ मध्य प्रदेश से हरिद्वार आया था और वारदात के बाद दोनों वापस लौट गए थे। बरामद अंगूठी के अलावा बाकी जेवर उसके साले के पास बताए गए हैं।

पुलिस जब दूसरे आरोपी के घर दबिश देने पहुंची तो वह परिवार सहित मकान बंद कर फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। मामले में विभिन्न धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर शेष आभूषण बरामद किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित