भरतपुर , मार्च 07 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के पुराने शहर में पिछले कई दिनों से तेंदुए के मंडराने से लोगों में ख़ौफ़ व्याप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुए ने अर्धरात्रि के बाद रामलीला मैदान में चहलकदमी करके लोगों के छक्के छुड़ा दिये। तेंदुए की इस क्षेत्र में लगातार गतिविधियों से लोगों में दहशत फैल गयी है और वे रात में ही नहीं दिन भी घरों में कैद रहने पर मजबूर हो गये हैं।
सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब दो बजे रामलीला मैदान में इस तेंदुए को चहलकदमी करता हुआ, देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गये। तेंदुए की गतिविधि पास के एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
सूत्रों ने बताया कि रामलीला मैदान के अलावा इस तेंदुए को राजबाग, डूंगरपाड़ा और तेलन पंसेरी बालाजी मंदिर के आसपास भी घूमते हुए देखा जा रहा है। रात में बेखौफ घूमते तेंदुए को देखकर लोग अब जरूरी काम से भी घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि वन विभाग पिछले चार महीनों में पुराने शहर से दो तेंदुओं को पकड़ चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र में तेंदुए का आगमन पूरी तरह से बंद नहीं हुआ है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गयी है। विभाग ने होली के दिन नीम चौकी क्षेत्र में पिंजरा लगाकर एक तेंदुए के शावक को पकड़ा है। अब फिर से तेंदुए के दिखाई देने से कॉलोनीवासियों में डर का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित