जयपुर , जनवरी 29 -- राजस्थान के वन और पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने राज्य सरकार को वन एवं वन्य जीवों के संरक्षण के लिए कृतसंकल्पित बताते हुए गुरुवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश में वन एवं वन्य जीवों के आबादी क्षेत्रों में हलचल की सूचना देने के लिए जल्द ही हेल्पलाइन नंबर 1926 शुरु किया जाएगा।
श्री शर्मा प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा सदस्य काली चरण सर्राफ द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इससे तुरंत मदद पहुंचाई जा सकेगी और आमजन एवं वन्य जीव के बीच टकराव की स्थिति को रोका जा सकेगा। उन्होंने बताया कि वन्य जीव के आबादी क्षेत्र में प्रवेश तथा इससे उत्पन्न होने वाली विपरीत परिस्थितियों को नियंत्रित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के प्रचलित तरीकों का परीक्षण कर इसी वित्त वर्ष में एसओपी बनाकर संपूर्ण प्रदेश में लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुलिस थाने या 100 नंबर पर सूचना उपरांत वन विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित