धार , दिसंबर 13 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में आबकारी विभाग की टास्क फोर्स ने शहर की इंदिरा कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए एक ईको कार से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया।

सूचना के आधार पर शुक्रवार अलसुबह आबकारी अमला इंदिरा कॉलोनी पहुँचा, जहाँ ईको कार क्रमांक एमपी 13 सीए 5837 खड़ी मिली। तलाशी लेने पर कार से विभिन्न ब्रांडों की 105 लीटर अवैध शराब बरामद की गई और वाहन को जप्त कर लिया गया। मौके से आरोपी मोहन पिता बद्रीलाल पटलिया निवासी इंदिरा कॉलोनी, कुम्हार गड्ढा को गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी काली उर्फ आकाश वर्मा पिता रामेश्वर निवासी इंदिरा कॉलोनी मौके से फरार हो गया।

जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पहली बार टास्क फोर्स गठित की गई है, जो सभी वृत्त क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई कर रही है। हाल ही में जिला कंट्रोल रूम में सहायक आबकारी आयुक्त राजनारायण सोनी ने अधिकारियों की बैठक लेकर अवैध शराब के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिनेश उदैनिया के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में आबकारी उप निरीक्षक राज कुमार शुक्ला, राजेंद्र पंवार, आशीष माली, अल्प सिंह और सैनिक पवन ठाकुर शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित