जयपुर , जनवरी 23 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) इन्टेलीजेन्स यूनिट उदयपुर ने आबकारी थाना सलुम्बर के तत्कालीन प्रहराधिकारी राजेन्द्र प्रसाद के विरुद्ध शुक्रवार को रिश्वत के प्रकरण में चालान पेश किया।
एसीबी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अनुसंधान पूर्ण होने पर आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार के आरोप प्रमाणित होने से आबकारी आयुक्त, आबकारी विभाग राजस्थान उदयपुर से अभियोजन स्वीकृति प्राप्त की गई थी। आरोप प्रमाणित पाये जाने पर आरोपी के विरुद्ध ब्यूरो मुख्यालय के द्वारा चार्जशीट के आदेश की पालना में आरोपी के खिलाफ विशिष्ठ न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, क्रम संख्या एक उदयपुर में यह चालान पेश किया गया।
उल्लेखनीय है कि आरोपी राजेन्द्र प्रसाद द्वारा अपने पद एवं अधिकारों का दुरूपयोग कर परिवादी से उसकी पुत्री के नाम लाईसेन्सी शराब की दुकान निर्बाध चलने देने एवं परेशान नहीं करने तथा चैकिंग नहीं करने की एवज में दो हजार रुपए मासिक बंदी के हिसाब से जनवरी से मार्च 2023 तक के छह हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। जिस पर 31 मार्च 2023 को ट्रेप कार्यवाही में आरोपी द्वारा परिवादी से रिश्वत के छह हजार रुपए स्वयं ही मांग कर ग्रहण करने पर मामला दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित