चंडीगढ़ , फरवरी 7 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने शनिवार को कहा कि गुरु रविदास जी की वाणी केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शन ही नहीं, बल्कि एक आदर्श समाज की रचना का रास्ता भी दिखाती है।
वह गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पंजाब भाजपा एससी मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
पंजाब एससी मोर्चा के अध्यक्ष एस.आर. लद्धर की मौजूदगी में शर्मा ने कहा कि आज के पंजाब के हालात, खासकर कानून-व्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को देखते हुए, गुरु रविदास जी की वाणी में सबसे उपयुक्त शब्द "बेगमपुरा" है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आए दिन कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं, युवाओं का रुझान नशे और गैंगस्टरवाद की ओर बढ़ रहा है और आम आदमी असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी जहां न कोई डर हो और न कोई जबरन वसूली। लेकिन आज पंजाब में व्यापारी फिरौती से डरे हुए हैं और माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित