लखनऊ , मार्च 8 -- समाज मे महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश महिला प्रकोष्ठ ने मुंह पर काली पट्टी बांध कर लखनऊ में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा, त्वरित न्याय तथा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव के नेतृत्व में यह मार्च पार्टी कार्यालय से शुरू होकर मिठाई लाल चौराहा, गोमती नगर तक निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
नीलम यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का 'जीरो टॉलरेंस' का नारा केवल कागजी साबित हो रहा है और अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि बुलंदशहर, श्रावस्ती, लखनऊ, मेरठ और बाराबंकी में हाल के दिनों में सामने आई घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उनके मुताबिक, इन घटनाओं से स्पष्ट है कि प्रदेश में बेटियां न घर में सुरक्षित हैं और न ही बाहर।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित