तरनतारन , अक्टूबर 08 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बुधवार को आगामी उप-चुनाव से पहले तरनतारन में पार्टी के प्रचार दफ्तर का उद्घाटन किया और आधिकारिक तौर पर होली सिटी में 'आप' की प्रचार मुहिम शुरू की।

इस समागम में कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू, 'आप' पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी और कई सीनियर पदाधिकारी समेत पार्टी नेता शामिल हुये।

मीडिया को संबोधित करते हुए श्री अरोड़ा ने कहा कि 'आप' ने उप-चुनाव के लिए उम्मीदवार के तौर पर तरनतारन के तीन बार के विधायक हरमीत सिंह संधू को मैदान में उतारा है। उनकी शानदार जीत में विश्वास प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन सालों में मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब में जिस तरह का बेमिसाल विकास हुआ है, उसने लोगों का दिल जीत लिया है। हरमीत सिंह संधू का तरनतारन के लोगों के साथ गहरा नाता यह पक्का करता है कि आम आदमी पार्टी यह उप-चुनाव बड़े फ़र्क से जीतेगी।

श्री अरोड़ा ने कहा कि इस चुनाव में 'आप' का एकमात्र एजेंडा विकास है। उन्होंने कहा," हम जात, धर्म या नफ़रत की राजनीति नहीं करते। हमारा एकमात्र मुद्दा विकास, विकास और विकास है।"उन्होंने कहा कि आने वाले डेढ़ साल में तरनतारन में और भी बड़ी तरक्की होगी। अरोड़ा ने कहा कि गुरु साहिब का पवित्र शहर विकास का हक़दार है जिसे एक मॉडल के तौर पर याद रखा जायेगा।

इस मौक़े पर 'आप' उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने पार्टी नेतृत्व , ख़ासकर मुख्यमंत्री भगवंत मान, राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा का उनको ज़िम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित