चंडीगढ़ , फरवरी 21 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दोनों दलों की नीतियों ने पंजाब को गंभीर संकट में डाल दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले पंजाब की स्थिति खराब की और उससे भी ज्यादा नुकसान आम आप सरकार ने किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप ने पंजाब की महिलाओं से जो वादे किए थे वे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं।

उन्होंने इसे जनता के साथ विश्वासघात बताया। श्री सैनी ने कहा कि राजनीतिक दलों को चुनावी वादों पर गंभीरता से अमल करना चाहिए। हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बुजुर्गों को देश में सबसे अधिक बुढ़ापा पेंशन दी जा रही है।

उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हरियाणा में सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जा रहा है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।

श्री सैनी ने राहुल गाँधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे विदेशों में जाकर भारत की छवि खराब करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि देश के नेताओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का गौरव बढ़ाना चाहिए।

उन्होंने एआई सम्मेलन के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला और इसे अनावश्यक राजनीतिकरण करार दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित