देहरादून , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड में देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान शासन में आयोजित बैठक में प्रतिभाग करने के फलस्वरूप प्राप्त 212 शिकायतों में से लगभग 120 फरियादियों की शिकायत सुन पाए थे।
जिसके चलते उन्होंने मंगलवार को फिर से करीब सौ फरियादियों को आमंत्रित किया और अधिकतर शिकायतों का समाधान मौके पर कर दिया।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में चले आज के जनदर्शन में देहरादून जिले के भानियावाला क्षेत्र की निवासी दीपा ने गुहार लगाई कि एकल अभिभावक है, उनकी 04 वर्षीय बेटी के भरण पोषण की जिम्मेदारी है।
उन्होंने डीएम से उज्ज्वला गैस कनैक्शन दिलवाने का अनुरोध किया जिसके बाद उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को दीपा को उज्ज्वला गैस कनैक्शन दिलाते हुए कृत कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश दिए।
इसी तरह जिला उत्तरकाशी तहसील पुरोला की 70 वर्षीय बुजुर्ग मंजरी देवी, देहरादून की अधोईवाला निवासी बीना देवी ,त्यागी रोड निवासी राखी ,नेमी रोड डालनवाला निवासी प्राची सिंह,ब्रह्मपुरी निवासी मनीष शर्मा विभिन्न समस्याओं को लेकर जन दर्शन में पहुंचे, जिनकी समस्याओं का समाधान जिलाधिकारी सविन बंसल ने मौके पर ही कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित