जौनपुर , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को कहा कि जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने पत्रकारों और आमजन से सहयोग की अपेक्षा जताई।
पत्रकारों से परिचयात्मक बातचीत के दौरान एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि जौनपुर नगर में जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस का समुचित उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचीबद्ध अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ समय-समय पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका), गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट जैसी कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि नगर स्थित एक मोबाइल फोन की दुकान में दो पुलिसकर्मियों द्वारा चोरी किए जाने का मामला संज्ञान में आया है, जिसमें संलिप्त पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है तथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है।
एसएसपी ने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना आधी रात में भी मिलने पर उसे गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। भूमि विवादों के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किया जाएगा और पुलिस अकेले इन मामलों में हस्तक्षेप नहीं करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित