चम्पावत , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड के जनपद चम्पावत में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रतिष्ठित सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले इस राष्ट्रीय पुरस्कार का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में निस्वार्थ और उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित करना है। इसके लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला प्रशासन द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

यह पुरस्कार आपदा रोकथाम, शमन, तैयारी, त्वरित बचाव, राहत, पुनर्वास और अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए गए कार्यों को मान्यता देता है। पुरस्कार दो श्रेणियों-व्यक्तिगत और संस्थागत-में प्रदान किया जाता है, जिसमें प्रमाणपत्र के साथ नकद राशि भी दी जाती है।

नामांकन के लिए सभी भारतीय नागरिक और संस्थाएं पात्र हैं। इसमें स्थानीय निकाय, स्वयं सहायता समूह, नागरिक सुरक्षा संगठन, गैर-सरकारी संगठन, शैक्षणिक संस्थान और निजी क्षेत्र के संगठन भी आवेदन कर सकते हैं।

नामांकन प्रक्रिया ऑनलाइन नेशनल अवार्ड पोर्टल के माध्यम से की जा रही है, जहां स्व-नामांकन और तृतीय-पक्ष नामांकन दोनों की सुविधा उपलब्ध है। खास बात यह है कि नामांकन वर्षभर खुले रहते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों, आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियों और स्थानीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करें। साथ ही, इस पुरस्कार की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया है।

जिला प्रशासन का मानना है कि इससे जनपद के प्रतिभाशाली व्यक्तियों और संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान मिलने का अवसर मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित