पटना , जनवरी 29 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को कहा कि महिला रोजगार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रदेश की आधी आबादी को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाना है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत राज्य की महिलाओं को स्वरोजगार प्रारंभ करने के लिए पहले 10 हजार देने का निर्णय लिया गया था और अब रोजगार शुरू कर चुकी महिलाओं को दो लाख की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की दी जाएगी।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योजना के प्रथम चरण में प्रत्येक परिवार की एक महिला को 10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है, जिसके तहत अब राज्य के 1 करोड़ 56 लाख लाभुकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि अंतरित की जा चुकी है। शेष महिलाओं को भी राशि दी जाएगी, जो प्रक्रियाधीन है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत चयनित लाभुकों को 02 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिस पर पर नीतीश सरकार ने आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत लाभुकों की तरफ से उत्पादित वस्तुओं की समुचित मार्केटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही इन महिला लाभार्थियों के उत्पादों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों से भी जोड़ा जाए, जैसे - पोशाक निर्माण, सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र, दीदी की रसोई इत्यादि।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित