लखनऊ , अक्टूबर 08 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को कहा कि देश की आधी आबादी की पूरी भागीदारी से ही आत्मनिर्भर भारत का संकल्प साकार होगा।
मेरठ में पश्चिम क्षेत्र की महिला मोर्चा पदाधिकारियों तथा महिला जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि भाजपा का अंत्योदय दर्शन भी तभी पूर्णता पाएगा, जब समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ-साथ महिलाएं भी आत्मनिर्भर बने और सामाजिक व राजनैतिक क्षेत्र में नेतृत्व करें। उन्होंने कहा कि महिलाएं घर की नींव के साथ राष्ट्र की धुरी है।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की ओर अग्रसर है। आत्मनिर्भर भारत के केन्द्र में महिला सशक्तिकरण है। उन्होंने कहा कि संगठन में भी महिलाओं की भागीदारी और जिम्मेदारी को बढ़ाना होगा और बड़ी संख्या में महिला नेतृत्व विकसित करना होगा, ताकि सरकार की योजनाएं व संगठन का संदेश महिलाओं तक पहुंचाने का माध्यम स्वयं महिलाएं बनें। महिलाओं के बीच महिलाओं की बात महिलाओं से ही करनी होगी। यही नीति संगठन को सशक्त, समाज को आत्मनिर्भर तथा देश को विकसित बनाएगी। उन्होने कहा कि महिलाओं का संगठन में प्रतिनिधित्व बढ़ाने के साथ ही उनको अग्रिम मोर्चे पर नेतृत्व के लिए भी प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति आज प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका में है। महिलाओं की भागीदारी से आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जन-आन्दोलन का रूप लेगा और भारत को स्वदेशी से स्वावलंबी तथा आत्मनिर्भर से विकसित राष्ट्र के पथ पर अग्रसर करेगा।
भाजपा नेता ने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा, संगठन और संस्कार की त्रिवेणी से अपने सामर्थ्य के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर महिलाओं की भूमिका को और व्यापक बनाया जाए। प्रत्येक मंडल, शक्तिकेन्द्र और बूथ स्तर पर महिलाओं की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि महिला से महिला तक संवाद की श्रृंखला स्थापित हो सके।
उन्होेंने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार तभी पूरी शक्ति से कार्य कर पायेंगे जब महिला कार्यकर्ता हर गांव, हर परिवार तक महिलाओं के बीच सरकार की योजनाएं और संगठन के अभियानों की जानकारी को लेकर जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित