भोपाल , अक्टूबर 17 -- राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित आदि कर्मयोगी अभियान के राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में मध्यप्रदेश को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। राज्य की ओर से प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य श्री गुलशन बामरा ने यह सम्मान ग्रहण किया। उन्होंने जनजातीय समाज के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों की जानकारी दी।
भारत सरकार के जनजाति कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित यह अभियान जनजातीय क्षेत्रों में ग्रामस्तर पर नेतृत्व क्षमता विकसित कर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उद्देश्य रखता है। इस अभियान में मध्यप्रदेश को देश के शीर्ष पाँच राज्यों में स्थान प्राप्त हुआ है।
श्री गुलशन बामरा ने बताया कि प्रदेश में 1 लाख 41 हजार आदि सहयोगी, 1 लाख 92 हजार आदि साथी और 1210 अशासकीय संगठन अभियान से जुड़े हैं। अब तक 13 हजार आदि सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से तीन लाख 'चेंज लीडर्स' तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
राज्य में जनजातीय बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्तमान में 2,913 शिक्षण संस्थान (आश्रम, एकलव्य मॉडल स्कूल, खेल परिसर आदि) संचालित हैं, जिनमें 2.30 लाख विद्यार्थियों की क्षमता है। साथ ही मलेरिया, टीबी और एनीमिया की रोकथाम हेतु नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
केवल तीन माह (जून-सितंबर) में 81 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए। मातृत्व सुरक्षा, टेलीमेडिसिन सेवाओं और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य हुआ है।
पीएम जनमन योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश ने हितग्राही योजनाओं में 100% उपलब्धि हासिल की है। शिवपुरी, मैहर, रायसेन, कटनी और भिंड जिलों ने आयुष्मान कार्ड वितरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
राष्ट्रीय स्तर पर बैतूल जिले को उत्कृष्ट जिला घोषित किया गया, जबकि सहायक शोध अधिकारी श्रीमती सारिका धौलपुरिया को उत्कृष्ट मास्टर ट्रेनर श्रेणी में सम्मान मिला। उपायुक्त आदिवासी विकास जेपी यादव को सुपर कोच के रूप में सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त बैतूल, धार, पूर्वी निमाड़ और बड़वानी जिलों का भी विशेष उल्लेख किया गया। गुना, बुरहानपुर और विदिशा को 'धरती आबा जन भागीदारी अभियान' में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित