अहमदाबाद , दिसंबर 29 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मंडल के आदरज मोटी-विजापुर रेल खंड पर 30 दिसंबर को गति परीक्षण किया जाएगा। सभी से रेल पटरी से सुरक्षित दूरी बनाये रखने की अपील की गयी है।

मंडल रेल प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि आदरज मोटी-विजापुर रेलखंड (39.75 किमी) का गेज परिवर्तन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यह खंड अब मीटर गेज से ब्रॉड गेज में परिवर्तित होकर आधुनिक, सुरक्षित एवं कुशल रेल परिचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। इस खंड का संरक्षा निरीक्षण (सेफ्टी इंस्पेक्शन) रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस), पश्चिम सर्कल द्वारा 29 एवं 30 दिसंबर को किया जा रहा है।

आदरज मोटी-विजापुर सेक्शन में नयी परिवर्तित ब्रॉडगेज रेलवे लाइन पर 30 दिसंबर को 120 किमी प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल किया जाएगा। आम जनता, मजदूरों, किसानों एवं स्थानीय निवासियों से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे रेलवे ट्रैक के समीप न जायें, किसी भी स्थिति में ट्रैक पार न करें तथा बच्चों एवं पशुओं को रेल लाइन से दूर रखें।

इस रेलखंड में कुल एक मेजर ब्रिज, 44 माइनर ब्रिज तथा 35 रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का निर्माण किया गया है, तथा इस रेलखंड में आदरज मोटी, रांधेजा, उनावा-वासन, मकाखड़, लोदरा एवं विजापुर स्टेशन शामिल हैं। गेज परिवर्तन के उपरांत ट्रेनों के परिचालन में संरक्षा, समयपालन और दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस मार्ग के माध्यम से यात्रियों को देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और बड़े शहरों से प्रत्यक्ष ब्रॉड गेज कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।

आदरज मोटी वर्तमान में एक विद्यमान द्वि-गेज जंक्शन स्टेशन है, जहां से आदरज मोटी-गांधीनगर-अहमदाबाद (ब्रॉड गेज) तथा आदरज मोटी-कड़ी-कटोसन (ब्रॉड गेज) लाइनें जुड़ी हुई हैं। गेज परिवर्तन से पूर्व आदरज मोटी-विजापुर एक पृथक मीटर गेज खंड था, जो अब ब्रॉड गेज में परिवर्तित होकर एकीकृत रेल नेटवर्क का हिस्सा बन गया है।

इस गेज परिवर्तन परियोजना से आदरज मोटी-विजापुर के बीच एकीकृत ब्रॉड गेज रेल प्रणाली उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी तथा पर्यावरण-अनुकूल, सतत और तेज़ रेल संपर्क सुनिश्चित होगा। बेहतर परिवहन सुविधा से दैनिक यात्रियों, पर्यटकों एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण को मजबूती प्राप्त होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित