चंडीगढ़ , जनवरी 29 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2024 में अपने पंजाब दौरे के दौरान ही आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने की घोषणा कर दी थी और अब वह इस नामकरण की विधिवत उद्घाटन के लिए आ रहे हैं तो मुख्यमंत्री भगवंत मान उनका स्वागत करने के बजाय सस्ती राजनीति में लगे हुए हैं।
श्री जाखड़ ने मुख्यमंत्री को श्री गुरु रविदास जी के नाम पर ओछी राजनीति करने से आगाह करते हुए कहा कि इस तरह का व्यवहार मुख्यमंत्री पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि एक फरवरी को संसद में केंद्रीय बजट पेश किया जाना है, इसके बावजूद प्रधानमंत्री श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब आ रहे हैं। उन्होंने आश्चर्य जताया कि मुख्यमंत्री अब भी प्रधानमंत्री की इस श्रद्धा को समझने या उसका सम्मान करने में असफल हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 23 मई 2024 को जब प्रधानमंत्री होशियारपुर दौरे पर आए थे, तब उन्होंने उसी दिन अपने भाषण में आदमपुर हवाई अड्डे का नाम संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने की घोषणा की थी।
श्री जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने के लिए विधिवत रूप से पंजाब आ रहे हैं और प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा इस संबंध में कार्यक्रम भी आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है, तब मुख्यमंत्री का ट्वीट कर उसी मांग को दोहराना ओछी राजनीति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस तरह की संकीर्ण राजनीति मुख्यमंत्री पद की गरिमा के अनुकूल नहीं है-विशेष रूप से तब, जब दौरा तय हो चुका है, घोषणा पहले ही हो चुकी है और नामकरण का निर्णय भी लिया जा चुका है-फिर भी मुख्यमंत्री पहले से पूरी हो चुकी मांग को ट्वीट कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री पंजाब के हित में कोई नयी और जायज मांग रखते, तो वह पार्टी सीमाओं से ऊपर उठकर उसका समर्थन करते। लेकिन पहले से घोषित मांग को दोहराने से यह स्पष्ट नहीं होता कि मुख्यमंत्री वास्तव में क्या साबित करना चाहते हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा पंजाब की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर सुनते और स्वीकार करते आए हैं और यह मांग भी पहले ही घोषणा के माध्यम से पूरी की जा चुकी है। उन्होंने जोर दिया कि आज पंजाब के लोग बड़ी उम्मीद के साथ भाजपा की ओर देख रहे हैं, क्योंकि आम आदमी पार्टी की सरकार ने हर मोर्चे पर पंजाब को पीछे धकेल दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित