अयोध्या, सितम्बर 27 -- आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में भाजपा महानगर इकाई द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्रीय महामंत्री एवं महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्रव्यापी संकल्प है, जिसका उद्देश्य देश को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि आज देश का युवा स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से रोजगार सृजन कर रहा है, यह आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को गांव-गांव तक पहुंचाएं और आम जनता को इस अभियान से जोड़ें। कहा कि जब हर नागरिक आत्मनिर्भर होगा तो राष्ट्र भी स्वतः आत्मनिर्भर बन जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी संगठन जनता के बीच सकारात्मक बदलाव का सेतु है। आत्मनिर्भर भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने वाला अभियान है। कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा महामंत्री प्रतिमा शुक्ला ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित