रायपुर, अक्टूबर 11 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान 'वोकल फॉर लोकल' से आज देश में आत्मनिर्भरता का एक सशक्त वातावरण तैयार हुआ है। आमजन इस अभियान से स्वस्फूर्त जुड़कर भारत को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहे हैं।

श्री साव ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य की परंपरागत कला-संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के प्रयास जारी हैं। बस्तर की लोक कला, जशपुर की कॉफी, महिला स्व-सहायता समूहों के हर्बल उत्पादों, डोकरा, टेराकोटा और बस्तर आर्ट जैसे उत्पाद राष्ट्रीय पहचान बना रहे हैं। जैविक व प्राकृतिक खेती से किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।

श्री साव ने शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में 'हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी' विषय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा पूरे देश में 25 सितंबर (पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती) से 25 दिसंबर (पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जयंती) तक आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान चला रही है। इस दौरान स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का व्यापक जनआंदोलन चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व आर्थिक सुधार हुए हैं। हाल ही में जीएसटी स्लैब में बदलाव स्वतंत्र भारत के इतिहास का सबसे बड़ा कर सुधार है, जिससे गरीब, किसान, महिला और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के समय भारत की आत्मनिर्भरता की शक्ति स्पष्ट रूप से दिखी - जब विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं ठप थीं, तब भारत ने न केवल अपने नागरिकों को वैक्सीन दी, बल्कि 150 देशों को भी आपूर्ति की।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प से देश आईटी और रक्षा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। भारत का रक्षा निर्यात 2014-15 में 1,941 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 23,622 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। भारत आज विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है, जहां 17 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है और 100 से अधिक यूनिकॉर्न आत्मनिर्भर भारत की भावना को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि नई जीएसटी दरों का लाभ सीधा आम जनता को मिल रहा है। व्यापार में उछाल आया है और लोगों की क्रय क्षमता बढ़ी है। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित