अयोध्या , नवम्बर 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा द्वारा महिला महाविद्यालय गद्दोपुर, गोसाईगंज में "आत्मनिर्भर भारत" विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) रजनी तिवारी रहीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई परिभाषा गढ़ रही हैं। आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, नवाचार और सामाजिक नेतृत्व के हर क्षेत्र में अपनी भूमिका सशक्त रूप से निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की क्रांति है। सरकार ने 'स्टार्टअप इंडिया', 'स्टैंडअप इंडिया' और 'मुद्रा योजना' जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि हर महिला आत्मनिर्भर बने, अपने परिवार और समाज की प्रेरणा बने।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित एमएलसी हरिओम पाण्डेय ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना आत्मनिर्भर भारत का निर्माण अधूरा है। भाजपा सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए जो कदम उठाए हैं, वे देश के भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं। आज की नारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है, वह राष्ट्र निर्माण की अग्रणी शक्ति बन चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित