बारां , फरवरी 01 -- राजस्थान के बारां में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए बजट को आर्थिक विकास को गति देने के साथ ही गरीब, वंचित, मजदूर, किसान, व्यापारी, महिलाएं एवं युवाओं का विशेष ध्यान रखते हुए एक समावेशी और जनकल्याणकारी बजट बताया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि तेंदू पत्तों पर करों में छूट, चंदन एवं नारियल की खेती को बढ़ावा देना सराहनीय निर्णय है। यह बजट घरेलू उद्योगों एवं स्वदेशी उत्पादन को मजबूती प्रदान करने वाला है। नए जल मार्गों के निर्माण से विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयेश गालव, जिला उपाध्यक्ष मुकेश केरवालिय, जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा, भाजपा शहर अध्यक्ष ओपी पारेता ने कहा कि बजट में रोजमर्रा की जरूरत की कई वस्तुएं सस्ती की गई हैं। स्वदेशी पर विशेष ध्यान देते हुए महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन दिया गया है। लखपति दीदी योजना को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित