धार , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की मनावर तहसील में भारत की टी-20 विश्व कप जीत के जश्न के दौरान हुई आतिशबाजी को लेकर उपजे विवाद में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मनावर थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि मामले में आरोपियों को जमानत मिल जाने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और उनके खिलाफ कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जानी चाहिए।
विभाग गोरक्षा प्रमुख बद्री चोयल ने बताया कि आठ मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए फाइनल मैच में जीत की खुशी में जिला गोरक्षा प्रमुख अमर सेन जूनी मनावर स्थित अपने घर के बाहर आतिशबाजी कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और आपत्ति जताते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने इस मामले में पहले ही एक महिला और एक युवक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया था, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई। संगठनों का कहना है कि की गई कार्रवाई पर्याप्त नहीं है।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान विभाग मंत्री रामेश्वर चौधरी, प्रांत सक्षम मंगलेश सोनी, धार विभाग सुरक्षा प्रमुख विकास सोलंकी, शुभम केवट और संजय जौहर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित