प्रयागराज, मई 3 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के मुंडेरा में शनिवार रात आठ साल के मासूम की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। बच्चे के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जबकि उसके मुंह से भी काफी खून बहा था।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती पूछताछ की तो मां ने बेटे के छत से गिरने की बात कही, लेकिन छोटे भाइयों के बयान ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया। उन्होंने कहा कि भाई को मामू ने मारा। पुलिस मौके पर जांच पड़ताल में जुटी है। बच्चे की मां और कथित मामू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बच्चे की मां सीमा मूल रूप से कौशाम्बी के सरायअकिल की रहने वाली है। उसकी शादी मेरठ के एक शख्स से हुई थी जो सऊदी अरब में रहकर नौकरी करता है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि पति-पत्नी का डाइवोर्स का केस चल रहा है। इसी सिलसिले में प्रयागराज आने जाने के दौरान उसकी मुलाकता उबैद से हुई जो बेगम बाजार मोहल्ले का रहने वाला है। वह खुद को एक अधिवक्ता का जूनियर बताता है और मुंडेरा में किराये के मकान में रहता है। यहां आने जाने के दौरान ही दोनों में मेलजोल बढ़ा और फिर तीनों बच्चों को लेकर सीमा उबैद के साथ ही रहने लगी। वह घरों में खाना बनाने व साफ-सफाई का काम करती है। उसके तीन बच्चों में अयान सबसे बड़ा था जबकि दो छोटे बच्चों में शबान और अरशान शामिल हैं।

रोज की तरह शनिवार शाम को भी सीमा काम पर गई थी। मोहल्ले वालों ने बताया कि शाम सात बजे के करीब अयान के बहुत तेज आवाज में रोने की आवाजें आ रही थीं। कुछ देर बाद आवाज आना बंद हो गई। कुछ देर बाद सीमा घर आई और खून से लथपथ अयान को लेकर अस्पताल की ओर भागी। मोहल्ले के कुछ लोग भी उसके पीछे गए तो पता चला कि अयान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है।

अस्पताल से सूचना मिली तो धूमनगंज पुलिस पहुंच गई। पूछताछ हुई तो सीमा ने बताया कि अयान सीढ़ियों से गिरकर घायल हुआ, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हालांकि पुलिस को बच्चे के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले। मुंह से भी काफी खून बहा था। मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब पुलिस ने दोनों छोटे भाइयों से बात की।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों बच्चों ने बताया कि उनके बड़े भाई अयान को "मामू ने मारा" था। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछा तो सीमा ने बताया कि उसे फोन कर उबैद ने बताया कि अयान सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। इसके बाद वह घर पहुंची और बेटे को अस्पताल ले गई। इसके बाद पुलिस ने उबैद को भी हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह अयान और उसके दोनों भाइयों को रोज पढ़ाता था। शनिवार को भी पढ़ा रहा था और इसी दौरान उसने अयान को दो थप्पड़ मार दिए। इसके बाद वह तेजी से छत की ओर भागा तभी पैर फिसलने से वह सीढ़ियों से नीचे आ गिरा और गंभीर रूप से चोटिल हो गया।

इसके बाद उसने ही फोन कर सीमा को बुलाया और फिर बच्चे को अस्पताल ले जाया गया। उधर मौके पर जुटे आसपास के लोगों में चर्चा रही कि उबैद को बच्चे मामू कहकर पुकारते थे। वह अयान को रोज बेरहमी से पीटता था। शनिवार को भी घटना से पहले अयान के चीखने चिल्लाने की आवाजें सुनाई दी थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। घर के अंदर से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए। उधर पुलिस ने उबैद को हिरासत में ले लिया। और उससे पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह अधिवक्ता है लेकिन जांच में पता चला कि अभी वह एलएलबी कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित