कुरनूल (आंध्र प्रदेश), अक्टूबर 16 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश में लगभग 13,430 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करते हुये कहा कि इस समय पूरी दुनिया की निगाह भारत की विकास की गति पर है ।
श्री मोदी ने करनूल में इस अवसर पर आयोजित जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार देश के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति देने में लगी है। उन्होंने कहा, 'मैं विश्वास से कहता हूं कि 21वीं सदी हिंदुस्तान की होने वाली है। 21वीं सदी 140 करोड़ हिंदुस्तानियों की सदी होने वाली है।"प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की उपस्थिति में कहा कि आज दुनिया, भारत को 21वीं सदी के नए मैन्युफैक्चरिंग सेंटर के रूप में देख रही है। इस सफलता का सबसे बड़ा आधार है, आत्मनिर्भर भारत का विजन और आंध्र प्रदेश आत्मनिर्भर भारत का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने राज्य में आज जिन औद्योगिक , विद्युत पारेषण, सड़क, रेलवे, रक्षा विनिर्माण, और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस आदि क्षेत्र की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है वे क्षेत्रीय अवसंरचना को बढ़ाने, औद्योगीकरण में तेज़ी लाने और राज्य में समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि निम्मलुरु में उन्नत रात्रि दृष्टि उत्पादों का कारखाना रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के दृष्टिकोण को मज़बूत करेगा। इससे रात्रि दृष्टि उपकरणों में भारत की क्षमता बढ़ेगी और यहाँ बने उत्पाद भारत के रक्षा निर्यात को नई ऊँचाइयों पर ले जाएँगे।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, हम भारत में बने उपकरणों की ताकत देख चुके हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि आज भारत को 21वीं सदी के नए विनिर्माण केंद्र के रूप में देखा जा रहा है यह सफलता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की दूरदर्शिता में निहित है।
उन्होंने कांग्रेस नीत पिछली सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि उन सरकारों ने आंध्र प्रदेश की क्षमता को नज़र अंदाज़ किया, जिससे न केवल राज्य को, बल्कि पूरे देश को नुकसान हुआ। जो राज्य भारत के विकास को गति दे सकता था, उसे अपने विकास के लिए संघर्ष करना पड़ा।
श्री मोदी ने कहा कि राजग सरकार के कार्यकाल में आंध्र प्रदेश की स्थिति बेहतर हो रही है। तकनीक के मामले में आंध्र प्रदेश और इसके युवा हमेशा आगे रहते हैं। डबल इंजन वाली सरकार के तहत, हम इस क्षमता को और मज़बूत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत और आंध्र प्रदेश दोनों की गति देख रही है।
उन्होंने इसी संदर्भ में विशाखापत्तनम में गूगल के भारत में पहले विशाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब की स्थापना के लिए हुए समझौते का भी उल्लेख किया । प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को तेज़ी से प्राप्त करने के लिए, देश भर में मल्टीमॉडल इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। शहरों और शहरों से बंदरगाहों तक संपर्क सुविधाओं को मज़बूत किया जा रहा है।
श्री मोदी ने कहा "तेज़ विकास के इस नये दौर के बीच हमें अतीत की स्थिति को नहीं भूलना चाहिए। लगभग 11 साल पहले, जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब प्रति व्यक्ति बिजली की खपत औसतन 1000 यूनिट से भी कम थी। देश को अक्सर ब्लैकआउट जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता था और हमारे कई गाँवों में बिजली का खंभा तक नहीं था।"उन्होंने कहा "जैसा कि चंद्रबाबू नायडू गारू ने ठीक ही कहा है, इस अजेय गति को देखते हुए, मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ: 2047 तक, जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा , एक विकसित राष्ट्र होगा। "उन्होंने कहा कहा कि आंध्र प्रदेश संस्कृति, विज्ञान और नवाचार का केंद्र है। राज्य में असीम संभावनाएँ और अपार क्षमताएँ हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित