ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 10 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा है कि वर्तमान समय उनका है और उनकी सोच, ऊर्जा और नवाचार देश की प्रगति की दिशा तय करेंगे।

श्री सिंह शुक्रवार को यहां नोएडा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कहा, " आज का युवा देश की सबसे सक्रिय और सक्षम पीढ़ी हैं। नयी शिक्षा और कार्य नीतियों के साथ तालमेल बैठाकर आप भारत को नयी ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। "उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने, तकनीकी बदलावों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक दृष्टिकोण बेहद जरूरी है।

गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय विश्विद्यालय में शुक्रवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में करीब तीन हजार से अधिक छात्रों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की डिग्रियां प्रदान की गईं, जबकि साठ से ज्यादा मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. देवेश कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि श्री सिंह का जीवन छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का संदेश देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित