आजमगढ़ , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गोवध की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलरियागंज पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के दौरान एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी ने बताया कि थानाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त तबरेज जलालुद्दीन पट्टी मार्ग से छिछोरी की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की।

खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी तबरेज ने बताया कि वह अपने साथियों सलमान, सरफराज और मेराज के साथ मिलकर संगठित तरीके से गोवध की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने स्वीकार किया कि 16/17 मार्च की रात ग्राम इमलीपुर के एक खेत में प्रतिबंधित पशु का वध कर अवशेष वहीं छोड़ दिए थे।

घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्य फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित