आजमगढ़, दिसम्बर 15 -- उत्तर प्रदेश में प्रदेश स्तर पर चिन्हित डी-11 गैंग के सरगना माफिया ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह को आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आजमगढ़ कोर्ट में पेश किया गया।

कुण्टू सिंह को जिले की शहर कोतवाली थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले की सुनवाई के लिए कासगंज जेल से यहां लाया गया था। शहर कोतवाली क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय की तहरीर पर कुंटू सिंह, उसकी पत्नी बंदना सिंह, सहयोगी सुनील कुमार सिंह और नरेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

आरोप है कि गिरोह आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर विद्यालय प्रबंधन पर कब्जा करने का प्रयास करता था। विरोध करने वालों को फर्जी मुकदमों में फंसाने की साजिश रचता था तथा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता था। कुंटू सिंह पर गैंगस्टर एक्ट के अलावा कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह विभिन्न हत्या एवं अन्य अपराधों में सजा काट रहा है।

पुलिस ने रिमांड के लिए कोर्ट में अपील की थी, जिसे स्वीकार कर आरोपी को कासगंज जेल से तलब किया गया। पेशी के दौरान कुंटू सिंह ने लगाए गए आरोपों का विरोध किया और अपनी सफाई में दलीलें पेश कीं। रिमांड बनाए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। गैंगस्टर कोर्ट के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जैनुद्दीन अंसारी ने दोनों पक्षों अभियोजन और अधिवक्ता की दलीलें सुनने के बाद प्रथम रिमांड बनाकर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अगली सुनवाई 12 जनवरी 2026 को वीसी के माध्यम से होगी। कोर्ट परिसर में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए थे।

सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने माफिया कुंटू सिंह को वापस कासगंज जेल भेजने का आदेश दिया। डी-11 गैंग के सरगना कुंटू सिंह के खिलाफ हत्या, अपहरण समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमों का गठन भी कर रखा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित