आजमगढ़ , फरवरी 8 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में खोए हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 197 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने रविवार को बताया कि गुमशुदा/खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में सीसीटीएनएस प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। फरवरी 2024 से जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 197 मोबाइल फोन बरामद किए गए। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में 1553 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे गए। वहीं विगत 24 माह में कुल 3001 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 7.5 करोड़ रुपये है, बरामद कर संबंधित स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित