आजमगढ़ , फरवरी 18 -- आजमगढ़ पहुंचे वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पीयूष मोर्डिया ने बुधवार को वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए जवानों के मनोबल को बढ़ाने और सुविधाओं को आधुनिक बनाने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस लाइन पहुंचने पर एडीजी को भव्य परेड द्वारा सलामी दी गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नवनिर्मित 'शौर्य सभागार' का उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस सभागार में लगभग 700 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता है तथा इसमें अत्याधुनिक ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसे प्रशिक्षण एवं विभागीय बैठकों के लिए विकसित किया गया है।
एडीजी ने आईटीसी बैरक, निर्माणाधीन भवन, पुलिस स्टोर, मेस, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष और डायल 112 कार्यालय का निरीक्षण किया। 'नन्हे सितारे कॉरिडोर' और कंप्यूटर लैब के अवलोकन के दौरान उन्होंने तकनीकी सुदृढ़ीकरण और भविष्य की आवश्यकताओं पर चर्चा की।
निरीक्षण के बाद उन्होंने अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के आदेश भी दिए।
अंत में एडीजी ने नगर कोतवाली का निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और मालखाना, बैरक, मेस, शौचालय एवं मिशन शक्ति कार्यालय का परीक्षण किया। उन्होंने जनता की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित