पटना , दिसंबर 28 -- बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने रविवार को कहा कि कांग्रेस आगामी 5 जनवरी से प्रदेश में 'मनरेगा बचाओ अभियान' की शुरुआत करेगी।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 141वां स्थापना दिवस एवं कांग्रेस सेवा दल के 102वां दल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राम ने वहां मौजूद सभी कांग्रेसजनों को लोकतंत्र की मजबूती और संरक्षण के लिए प्रतिज्ञा दिलाई और कांग्रेस का संकल्प दोहराया। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि प्रदेश कांग्रेस आगामी 5 जनवरी से प्रदेश भर में 'मनरेगा बचाओ अभियान' की शुरुआत करेगी। महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के बारे में उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि भारत के संविधान से प्राप्त काम का अधिकार है, जिसकी रक्षा हर हाल में की जाएगी।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने उपस्थित कांग्रेसजनों को शपथ दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्रामीण मज़दूरों के सम्मान, रोज़गार, मज़दूरी तथा समय पर भुगतान के अधिकार के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेगी और मांग-आधारित रोज़गार व ग्राम सभा के अधिकारों की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम मिटाने तथा मज़दूरों के अधिकारों को ख़ैरात में बदलने की किसी भी साज़िश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
इसके बाद मनरेगा को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी एवं सेवा दल ने पार्टी मुख्यालय सदाकत आश्रम से गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति तक पदयात्रा का आयोजन किया। श्री राम ने गांधी की मूर्ति के सामने खड़े हो कर कहा कि संविधान और लोकतंत्र पर पूर्ण विश्वास रखते हुए कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाने, मज़दूरों के अधिकारों की रक्षा करने और गांव-गांव तक अपनी आवाज़ बुलंद करने का संकल्प लेती है।
पदयात्रा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रमुख नेताओं के साथ राजेंद्र बाबू के समाधि स्थल बांस घाट भी गये और उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विधान परिषद में कांग्रेस के नेता डॉ मदन मोहन झा, बिहार के सह प्रभारी शाहनवाज आलम, कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष डॉ. संजय यादव पूर्व मंत्री डा. शकील अहमद खान, कृपानाथ पाठक, पूर्व विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा, पूर्व विधायक नरेन्द्र कुमार, विधायक सुरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, अभिषेक रंजन, विधान पार्षद राजीव कुमार, अमित कुमार टुन्ना, प्रमोद कुमार सिंह, विनोद यादव , जमाल अहमद भल्लू, ब्रजेश पाण्डेय, ब्रजेश प्रसाद मुनन, प्रवीण सिंह कुशवाहा, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़ सहित कई नेता और कर्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित