चंडीगढ़ , मार्च 09 -- भारत मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार आगामी सप्ताह में चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में बारिश के कोई आसार नहीं है। विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में दिन के समय तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह और शाम के समय में तापमान में हल्की गिरावट देखी जा रही है, जिसके कारण मौसम में ठंडक का अहसास बना हुआ है। आगामी दिनों में दिन में हालांकि तेज धूप रहने का अनुमान है।
इस बीच, स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोग खांसी, जुखाम और बुखार जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। अस्पतालों में इन बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए अभी भी पूरे कपड़े पहनकर रखें और ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करें। साथ ही गर्म पानी का सेवन करना लाभदायक रहेगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि जाती हुई ठंड अक्सर लोगों के स्वास्थ्य पर असर डालती है। ऐसे में लापरवाही से बचना और सावधानी बरतना जरूरी है, ताकि मौसमी बीमारियों से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित