पटना, मार्च 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने चार राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा पर खुशी जाहिर करते हुए सोमवार को कहा कि इन सभी राज्यों में हर तरफ उनकी पार्टी का जलवा दिखेगा।

श्री मिश्र ने आज बयान जारी कहा कि इन विधानसभा चुनावों में जनता विकास के लिए मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि वास्तव में इन राज्यों में विकास बनाम बकवास का मुकाबला होगा। केरल और तमिलनाडु में भाजपा मजबूती के साथ अपना पांव जमायेगी। तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) को वहां की जनता उखाड़ फेंकने के मूड में है। डीएमके के झूठे वादे और बकवास से वहां की जनता ऊब चुकी है। वहां के लोग डबल इंजन की सरकार चाहते हैं, जिससे दोगुना रफ्तार के साथ विकास हो।

श्री मिश्र ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर सबसे ज्यादा खुशी पश्चिम बंगाल की जनता को है। उन्होंने कहा कि वहां की जनता इस चुनाव की प्रतीक्षा में है और शीघ्र ही ममता सरकार की विदाई चाहती है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की बड़ी हार तय है। यह हार इतनी बड़ी होगी, जिसकी कल्पना ममता दीदी ने नहीं की होगी।

भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल को घुसपैठियों से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में घुसपैठिए पश्चिम बंगाल के लोगों का हक नहीं छीनेंगे। वास्तव में पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु की जनता के लिए यह चुनाव नयी उम्मीदों का है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित