पटना , अक्टूबर 06 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोमवार को कहा कि आगामी बिहार चुनाव आने वाले 25 वर्षों के भविष्य का निर्धारण करेगा।
जदयू प्रदेश कार्यालय में आज पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रमुख नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी संजय कुमार झा एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उपस्थित पदाधिकारियों और नेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी से एकजुट होकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
श्री झा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी बिहार चुनाव आने वाले 25 वर्षों के भविष्य का निर्धारण करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीते 20 वर्षों में बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल किया है। उन्होंने कहा कि आज देश-दुनिया के निवेशकों का रुझान बिहार की ओर बढ़ रहा है, प्रदेश में नए उद्योग-धंधे स्थापित हो रहे हैं और युवाओं के लिए रोजगार के अनेकों अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाते हुए नीतीश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
श्री झा ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की जानकारी हर महिला मतदाता तक पहुंचाना पार्टी कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है, क्योंकि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाली है।उन्होंने उल्लेख किया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह और खुशी का माहौल है, जो सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने बैठक संबोधित करते हुए कहा कि अब चुनाव में बहुत कम दिन शेष हैं, ऐसे में पार्टी के सभी साथियों को अपने-अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में मतदान के दिन तक पूर्ण समर्पण और तत्परता के साथ जुटे रहना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य स्पष्ट है - ''2025 में 225 और फिर से नीतीश'' के संकल्प को साकार करना। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक लक्ष्य नहीं, बल्कि बिहार के विकास और सुशासन को आगे बढ़ाने का अभियान है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे पूरी निष्ठा, मेहनत और एकजुटता के साथ संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में राज्य में विकास की गति और अधिक तेज हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित