आगर-मालवा , जनवरी 20 -- अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आगर-मालवा कोतवाली पुलिस ने 330 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ और मोबाइल सहित कुल मशरुका की कीमत करीब 34 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जनवरी की रात्रि को कोतवाली थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुसनेर स्थित नूरानी नगर निवासी फैजान पठान (23) सुसनेर-आगरमालवा रोड पर ग्राम आमला के पास माँ दुर्गा माताजी मंदिर के समीप अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स अपने पास रखकर आगरमालवा की ओर जाने वाला है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र पंचों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के व्यक्ति को पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करते हुए पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पारदर्शी पॉलीथीन में रखा 330 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स एवं एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

बरामद मादक पदार्थ को विधिवत तौल कर सीलबंद किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 0032/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी से अवैध मादक पदार्थ के क्रय-विक्रय एवं परिवहन के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, उपनिरीक्षक संजय गुनेरा, सहायक उपनिरीक्षक कमल सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक सुनील पटेल, रुदेश मीणा, अजयपाल सिंह, गिरजा शंकर त्रिपाठी, बाबू बबेरिया, आरक्षक दीपक सोलंकी, मोहम्मद परवेज, विक्रम सूर्यवंशी, जितेन्द्र सिंह राजपूत, विजय दांगी, लखन जमलिया एवं महिला आरक्षक सोना भदौरिया की भूमिका सराहनीय रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित