आगर-मालवा , अप्रैल 29 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिला मुख्यालय में साईं मंदिर के पीछे गौवंश के अवशेष मिलने से क्षेत्र में आक्रोश और तनाव की स्थिति बन गई। घटना के विरोध में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया।
सूचना मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने विरोध स्वरूप गौवंश के अवशेषों की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए छावनी नाका चौराहे तक पहुंची। वहां प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मौके पर मिले अवशेषों का विधिवत अंतिम संस्कार किया जाए तथा गौवंश की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि यह घटना किसी की जानबूझकर की गई हरकत है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
घटना की सूचना पर एसडीएम मिलिंद ढोके और एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को शाम 4 बजे तक का समय देने के बाद स्थिति शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराई। एसडीएम ने बताया कि शेष अवशेषों की तलाश जारी है और वैज्ञानिक तरीके से जांच व पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित