आगरा , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश में आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक पांच वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दिल्ली से मध्यप्रदेश के भिंड जा रही कार थाना फतेहाबाद क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े चार बजे सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। कार सवार सभी लोग होली मनाने के लिए अपने गृह जनपद जा रहे थे। हादसे में पांच वर्षीय तनु की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 45 वर्षीय राम कुमार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। बताया गया है कि मध्यप्रदेश के भिंड निवासी भूरी सिंह अपने परिवार और परिचितों के साथ कार चला रहे थे। कार में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद से ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित