आगरा , फरवरी 05 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में भाई ने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार रात थाना शाहगंज क्षेत्र के अयोध्या कुंज मोहल्ले की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार आरोपी रवि अपने दो साथियों के साथ बहन अनीता के घर पहुंचा था। रुपयों को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात भी कहासुनी के दौरान मामला बढ़ गया, जिसके बाद रवि ने तमंचा निकालकर अनीता को गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी रवि पूर्व में एक मामले में जेल जा चुका है और उसकी जमानत भी बहन ने कराई थी। फिलहाल रवि और उसके साथियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित