आगरा , जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में राज चौहान हत्याकांड से जुड़े बदमाशों के साथ शुक्रवार रात पुलिस की दो अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ हुई। दोनों मुठभेड़ों में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य को पुलिस ने दबोच लिया।
पहली मुठभेड़ थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार राज चौहान हत्याकांड के आरोपी विष्णु पंडित और शिवांग बाइक से जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विष्णु पंडित के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी शिवांग को पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी मुठभेड़ थाना एत्मादपुर क्षेत्र में हुई, जहां 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश आकाश प्रजापति से पुलिस की भिड़ंत हो गई। मुठभेड़ के दौरान आकाश प्रजापति भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि 23 जनवरी को थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के एक होटल में घुसकर राज चौहान नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कई आरोपियों के नाम सामने आए थे। इससे पहले गुरुवार रात को भी तीन स्थानों पर पुलिस की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें मुख्य आरोपी अरबाज मारा गया था और उसके दो साथी घायल हुए थे। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित