आगरा , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश में आगरा जिले की एक विशेष अदालत ने पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में दो अभियुक्तों को फांसी की सजा सुनायी है।
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट सोनिका चौधरी ने 18 गवाह और कई बार की हुई बहस के बाद गुरुवार को यह फैसला सुनाया है। 18 मार्च 2024 को थाना बाह इलाके में पांच साल की बच्ची के साथ हैवानियत हुई थी। दोनों आरोपियों ने पांच साल की बच्ची का पहले अपहरण किया, उसके बाद दुष्कर्म करके हत्या की थी। सजा सुनाये जाने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
अपर जिला शासकीय अधिवक्ता सुभाष गिरी ने बताया कि दोपहर तीन बजे बच्ची रास्ते में खेल रही थी, तभी दोनों आरोपी अमित और निखिल मोटर साइकिल से आए और बच्ची का अपहरण कर लिया। दोनो ने नहर किनारे ले जाकर बच्ची से दुष्कर्म किया और हत्या करके शव को सरसों के खेत में फेंक दिया। हत्या और दुष्कर्म के बाद भी आरोपियों के हौसले काफी बुलंद थे और दोनों ने बच्ची के मां बाप को कॉल करके छह लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित