बैतूल , मई 08 -- मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजातीय आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे ने आज बैतूल जिले के बर्राढाना गांव पहुंचकर आगजनी प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।
श्री धुर्वे ने भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाशिंदा अंतर्गत बर्राढाना गांव में हाल ही में हुई आगजनी घटना का जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविर में पहुंचकर प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और उन्हें ढांढस बंधाया।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी न हो तथा सभी प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता शीघ्र पहुंचाई जाए।
आयोग सदस्य ने कहा कि शासन और प्रशासन संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है तथा पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान उन्होंने राहत शिविर में मौजूद बच्चों को पाठ्य सामग्री भी वितरित की और शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, भैंसदेही एसडीएम अजीत मेरावी, तहसीलदार वसंत बर्खानिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोग सदस्य को राहत एवं सहायता कार्यों की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित