इंदौर , फरवरी 09 -- आकिब नबी (सात और पांच विकेट) और आबिद मुश्ताक (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने सोमवार को मध्यप्रदेश की टीम को दूसरी पारी में 234 के स्कोर पर समेटकर 56 रनों से जीत दर्ज करते हुए रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

आज यहां मध्यप्रदेश ने कल के 87 रन पर पांच विकेट से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में सुनील कुमार ने वेंकटेश अय्यर (17) को आउटकर मध्यप्रदेश को छठा झटका दिया। इसके बाद आबिद मुश्ताक ने शुभम शर्मा (32) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। रामवीर गुर्जर (11) रन बनाकर आउट हुये। 61वें ओवर में आकिब नबी ने सारांश जैन को बोल्ड कर जम्मू-कश्मीर को नौवीं सफलता दिलाई। सारांश जैन ने 81 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाते हुए 64 रनों की पारी खेली। 69वें ओवर में युद्धवीर सिंह चरक ने आर्यन पांडे (22) को बोल्ड कर मध्यप्रदेश की पारी का 234 के स्कोर पर अंत कर 56 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जम्मू-कश्मीर के लिए आकिब नबी ने पांच विकेट लिये। आबिद मुश्ताक को तीन विकेट मिले। युद्धवीर सिंह चरक और सुनील कुमार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 194 और दूसरी पारी में 248 रन बनाये। वहीं मध्यप्रदेश ने पहली पारी में 152 रन बनाये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित