मुंबई , फरवरी 07 -- तुषार देशपांडे और मोहित अवस्थी (चार-चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद आकाश आनंद (नाबाद 53 ) और मुशीर खान (नाबाद 49 ) की जुझारू बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के चौथे क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन शनिवार को कर्नाटक के खिलाफ अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 189 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
आज यहां कर्नाटक ने कल के दो विकेट पर 110 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में कर्नाटक का तीसरा विकेट करूण नायर (चार) के रूप में गिरा। इसके बाद कर्नाटक के विकेटों का पतझड़ शुरु हो गया। हालांकि इस दौरान मयंक अग्रवाल एक छोर थामे रन बनाते रहे। उन्होंने 134 गेंदों में 14 चौके और एक छक्का लगाते हुए 92 रनों की पारी खेली। वह आठवें विकेट के रूप में आउट हुये। मुंबई की घातक गेंदबाजी के आगे कर्नाटक के आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके और उसकी पूरी टीम 47.1 ओवर में 173 के स्कोर पर सिमट गई।
मुम्बई के लिए तुषार देशपांडे और मोहित अवस्थी ने चार-चार विकेट लिये। शार्दुल ठाकुर और सूर्यांश शेडगे एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई के लिए यशस्वी जायसवाल और अखिल हरवाड़कर की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। 13वें ओवर में अखिल हरवाड़कर (33) के रनआउट होने पर यह साझेदारी टूटी। अगले ही ओवर में श्रेयस गोपाल ने यशस्वी जायसवाल (36) को स्टंप आउट कराकर पवेलियन भेज दिया। 77 पर दो विकेट गंवा कर संकट में फंसी मुंबई की पारी को आकाश आनंद और मुशीर खान की जोड़ी ने संभाला। खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने के समय मुंबई ने 52 ओवरों में दो विकेट पर 189 रन बना लिये है। आकाश आनंद (नाबाद 53) और मुशीर खान (नाबाद 49) क्रीज पर मौजूद हैं।
उत्तराखंड को 47 रनों की बढ़त-------------------------------------------पहले क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन आज उत्तराखंड ने झारखंड के खिलाफ दिन का खेल समाप्त होने के समय 87 ओवरों मं पांच विकेट पर 282 रन बनाकर 47 रनों की बढ़त बना ली है। जगदीश सुचित (नाबाद 60) और शाश्वत डंगवाल (नाबाद 14) क्रीज पर मौजूद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित