दुबई , दिसंबर 29 -- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मैच रेफरी जेफ क्रो ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की बॉक्सिंग डे टेस्ट की पिच को 'अंसतोषजनक' रेटिंग दी है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट दो दिन के अंदर ही समाप्त हो गया था और इस कारण से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड को एक डिमेरिट अंक मिला है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ जेम्स ऑलसोप्प ने अपने बयान में कहा, "बहुत प्रशंसकों के पास तीसरे और चौथे दिन के टिकट थे और उसके अलावा लाखों प्रशंसक इस मैच के लिए उत्साहित थे लेकिन पिच के कारण यह दो दिन में ही समाप्त हो गया और यह निराशाजनक है। पिछले कुछ सालों में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के स्टाफ ने बेहद शानदार टेस्ट पिच तैयार करके दी थी और हमें उम्मीद है कि अगले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट और मार्च 2027 में टेस्ट क्रिकेट के 150 साल पूरे होने पर इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले टेस्ट में बढ़िया पिच देखने को मिलेगी।"आईसीसी ने पिच रेटिंग के लिए चार श्रेणी रखी है और इस मैदान की पिच को तीसरे स्थान 'अंसतोषजनक' श्रेणी में रखा गया है जिसमें पिच गेंदबाजों के लिए फायदेमंद रहती है और गेंद एवं बल्ले के बीच बराबर का मुकाबला देखने को नहीं मिलता। पिछले तीन बॉक्सिंग डे टेस्ट में एमसीजी को 'सबसे बढ़िया' पिच की रेटिंग दी गई थी लेकिन इस बार मामला उलट गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित