चंडीगढ़ , अक्टूबर 15 -- भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी वाई. पूरन कुमार का बुधवार को उनके निधन के नौवें दिन अंतिम संस्कार किया गया।

अपराह्न करीब तीन बजे सेक्टर-24 स्थित उनके आवास से अंतिम यात्रा निकली, जो करीब चार बजे सेक्टर-25 श्मशान घाट पहुंची।

श्मशान घाट पर पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी। बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक प्रतिनिधियों और परिजनों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। आईपीएस अधिकारी की दोनों बेटियों ने उन्हें मुखाग्नि दी।

इस दौरान उनकी पत्नी एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अमनीत पी. कुमार के साथ कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, श्याम सिंह राणा, गृह विभाग की एसीएस सुमिता मिश्रा, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और नव नियुक्त पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह मौजूद रहे।

इससे पहले सुबह पीजीआई, चंडीगढ़ में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में श्री पूरन कुमार का पोस्टमॉर्टम किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गयी, जो करीब चार घंटे चली। दोपहर 2:20 बजे एम्बुलेंस के जरिए उनका पार्थिव शरीर सेक्टर-24 स्थित कोठी पर लाया गया।

श्री पूरन कुमार ने सात अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर खुद को गोली मार ली थी। उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों में अंबाला शहर के विधायक निर्मल सिंह, थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा और मुलाना की विधायक पूजा चौधरी भी शामिल रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित