हनुमानगढ़ , अप्रैल 17 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट से जुड़े सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ किया है और इस सिलसिले में दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी चलाने वाले दो प्रमुख बुकी को गिरफ्तार किया, वहीं मोबाइल फोन पर ऑनलाइन पर्ची सट्टा खाईवाली करने वाले एक शातिर सट्टेबाज को भी धर दबोचा।

पुलिस ने बताया कि एक विशेष पुलिस दल ने गुरुवार देर रात पीलीबंगा-रावतसर मार्ग पर एसटीजी नहर पुलिया के पास एक कार में दो व्यक्तियों पुनीत अरोड़ा (34) और पंकज अग्रवाल (33) को पकड़ा। दोनों आरोपी आईपीएल क्रिकेट मैचों पर अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टेबाजी करवा रहे थे। इनके कब्जे से दो लाख 30 हजार रुपये नगद, एक लैपटॉप, 11 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक की-पैड मोबाइल, अलग-अलग बैंकों के 19 एटीएम कार्ड और लाखों रुपये का हिसाब-किताब बरामद हुआ है।पुलिस ने हनुमानगढ़ गैंगस्टर-विरोधी कार्य बल की गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने बताया कि दोनों आरोपी क्रिकेट सट्टा आईडी के मास्टर संचालक हैं। इनके द्वारा विभिन्न राज्यों में करीब पांच हजार यूजर्स को सट्टा आईडी दिया जाना पाया गया है। मोबाइल में कई व्हाट्सएप ग्रुप बना रखे थे, जिनमें 50 से अधिक विदेशी मोबाइल नंबर भी शामिल थे। जब्त उपकरणों में मास्टर सट्टा आईडी भी बरामद हुई है जिसके माध्यम से मात्र 18 दिनों में करीब 45 लाख रुपये का क्रिकेट सट्टा ट्रांजेक्शन मिला है। बरामद एटीएम कार्ड विभिन्न व्यक्तियों के हैं। दोनों आरोपी म्यूल बैंक अकाउंट्स के जरिए क्रिकेट सट्टेबाजी का पूरा लेन-देन कर रहे थे। इनके तार आगे किस-किस से जुड़े हुए हैं और इस सट्टा रैकेट में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।

एक अन्य कार्रवाई के तहत पुलिस ने कल देर रात पीलीबंगा में ऑनलाइन सट्टा लगाने के आरोप में विशाल कुमार अरोड़ा (29) को गिरफ्तार किया। उससे तीन लाख 74 हजार 800 सौ रुपये की सट्टा रकम, तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन, आठ डायरियां, एक रजिस्टर, दो कैलकुलेटर, सट्टा पर्ची के बंडल और लाखों रुपये का हिसाब-किताब बरामद हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित