मुंबई , फरवरी 04 -- अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की घोषणा के बाद घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन मजबूती रही, हालांकि आईटी सेक्टर की कंपनियों में बड़ी गिरावट देखी गयी।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 78.56 अंक (0.09 प्रतिशत) चढ़कर 83,817.69 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 48.45 अंक यानी 0.19 प्रतिशत ऊपर 25,776 अंक पर पहुंच गया। यह दोनों सूचकांकों का 12 जनवरी के बाद का उच्चतम स्तर है।

आईटी कंपनियों पर भारी दबाव रहा जिसके कारण सुबह प्रमुख सूचकांकों में गिरावट थी और एक समय सेंसेक्स 600 अंक से अधिक टूट गया था।

अमेरिकी शेयर बाजारों में सूचीबद्ध भारतीय आईटी कंपनियों के शेयर सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। बताया जा रहा है कि एक ऐसे एआई टूल के विकास की खबर आने के बाद ये कंपनियां दबाव में आ गयीं जो दस्तावेजों की समीक्षा और आंकड़ों के विश्लेषण का काम कर सकता है। ज्यादातर कंपनियां वर्तमान में ये काम भारतीय कंपनियों से आउटसोर्स करवाती हैं। इस खबर का असर आज बाजार खुलते ही दिखा।

सेंसेक्स में आईटी कंपनियों में ही सबसे अधिक गिरावट रही। इंफोसिस का शेयर 7.19 प्रतिशत लुढ़क गया। टीसीएस में 6.95 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 4.22 प्रतिशत और टेक महिंद्रा में 4.12 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी।

एनएसई में मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.65 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.27 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

निफ्टी आईटी सूचकांक करीब छह प्रतिशत लुढ़क गया। फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों में भी गिरावट रही। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस, ऑटो, धातु, रियलिटी, मीडिया, बैंकिंग और रसायन सेक्टरों के सूचकांक तेजी में रहे।

एनएसई में कुल 3,294 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुए जिसमें 2,152 के शेयर हरे निशान में और 1,046 के लाल निशान में बंद हुए जबकि अन्य 96 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 के शेयरों में तेजी रही। इटरनल का शेयर 5.22 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट का शेयर 4.98 प्रतिशत, एनटीपीसी का 2.44, अडानी पोर्ट्स का 2.36, पावरग्रिड का 2.15 और मारुति सुजुकी का 2.02 प्रतिशत चढ़ा। टाइटन में 1.73 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.71, भारती एयरटेल में 1.41, आईसीआईसीआई बैंक में 1.37, रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एंड महिंद्रा दोनों में 1.30, एलएंडटी में 1.21, टाटा स्टील में 1.19, आईटीसी में 1.18 और एशियन पेंट्स में 1.09 प्रतिशत की तेजी रही। एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, भारतीय स्टेट बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।

आईटी कंपनियों के अलावा एक्सिस बैंक का शेयर 1.27 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक का 0.83 प्रतिशत टूटा।

वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 0.85 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.05 प्रतिशत की बढ़त में रहा। जापान का निक्केई 0.78 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.31 प्रतिशत नीचे और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.87 प्रतिशत ऊपर था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित