पटना , अप्रैल 28 -- राज्य में तेजी से बढ़ते वाहन संख्या, ट्रैफिक जाम, यातायात उल्लंघनों एवं सड़क दुर्घटनाओं की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) परियोजना को लागू किया जा रहा है।
आईटीएमएस परियोजना को लेकर मंगलवार को विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के साथ विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें देश-विदेश की कुल 42 प्रतिष्ठित कंपनियों, उद्योग विशेषज्ञों, ओइएमएस, सिस्टम इंटीग्रेटर्स एवं एआई आधारित तकनीकी संस्थाओं ने भाग लिया।
बैठक में विभाग की तरफ से जारी एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (इओआई) के तहत विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागी कंपनियों ने परियोजना की संरचना, तकनीकी स्वरूप, कार्यान्वयन मॉडल एवं आधुनिक उपकरणों के उपयोग के संबंध में अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए। विशेष रूप से पीपीपी और रिवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर सुझाव मांगे गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परियोजना को 10 वर्षों तक संचालन और रखरखाव के साथ वित्तीय रूप से व्यवहार्य बनाना प्राथमिकता है।
विकास आयुक्त ने बताया कि स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। इससे यातायात प्रबंधन को तकनीक आधारित बनाया जाएगा, जिससे सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित