जालौन , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश सरकार की जनशिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) में जालौन ने उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, तहसील कौंच ने शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण के आधार पर पूरे प्रदेश में पुनः प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि यह सफलता राज्य सरकार की पारदर्शी शासन व्यवस्था, मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशन तथा प्रशासनिक अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील कौंच द्वारा शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर फील्ड स्तर पर त्वरित कार्रवाई और गुणवत्ता आधारित निस्तारण की रणनीति अपनाई गई। इसी के परिणामस्वरूप तहसील ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि जनपद की अन्य तहसीलों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन भविष्य में भी आईजीआरएस को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाकर आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा, जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित