पटना , अप्रैल 11 -- इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना में सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग ने बिहार में पहली बार गॉल ब्लैडर कैंसर के लिए रोबोटिक रैडिकल कोलेसिस्टेक्टॉमी सफलतापूर्वक की।

सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ.मनीष मंडल ने शनिवार को यहां बताया कि सरकारी क्षेत्र में पहली बार 10 मार्च 2026 को दा विंची XI रोबोटिक मशीन के माध्यम से रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की गई थी। उन्होंने बताया कि इससे पहले बिहार में पहली बार पैंक्रियाटिक कैंसर की रोबोटिक सर्जरी भी इसी संस्थान में की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि नौ अप्रैल 2026 को विभाग की टीम ने गॉल ब्लैडर कैंसर के लिए पहली रोबोटिक रैडिकल कोलेसिस्टेक्टॉमी सफलतापूर्वक सम्पन्न की।

रोबोटिक गैस्ट्रो सर्जन डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार के सारण जिले की छपरा रहने वाली 66 वर्षीय एक महिला पिछले छह महीनों से पेट के दाहिने हिस्से में दर्द, गैस और पेट फूलने की समस्या से पीड़ित थीं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन एवं आवश्यक रक्त परीक्षण में गॉल ब्लैडर कैंसर की पुष्टि हुई।

इसके बाद डॉ. मनीष मंडल के मार्गदर्शन में रोबोटिक रैडिकल कोलेसिस्टेक्टॉमी की गयी। इस सर्जरी में गॉल ब्लैडर के साथ लीवर के एक हिस्से तथा संबंधित लिम्फ नोड्स को भी हटाया गया।पूरी सर्जरी लगभग पांच घंटे में सम्पन्न हुई। इस रोबोटिक सर्जरी में रक्तस्राव अत्यंत न्यूनतम रहा, जबकि सामान्य ओपन या लैप्रोस्कोपिक सर्जरी में आमतौर पर दो से तीन यूनिट रक्त की आवश्यकता पड़ती है।सर्जरी के बाद मरीज पहले ही दिन चलने-फिरने लगीं और वर्तमान में बिना किसी सहारे के सामान्य रूप से चल-फिर रही हैं। उनकी स्थिति संतोषजनक है।

संस्थान के निदेशक डॉ. बिंदे कुमार ने पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि संस्थान जल्द ही रोबोटिक सर्जरी के 50 मामलों का आंकड़ा पूरा कर लेगा। उन्होंने बताया कि विश्वस्तरीय रोबोटिक मशीन के माध्यम से इस प्रकार की उन्नत सर्जरी मात्र 50 हजार रुपये की किफायती दर पर की जा रही है, जिससे बिहार के मरीजों को अत्याधुनिक उपचार सुलभ हो सकेगा। उन्होंने बताया कि डॉ. संजय कुमार, डॉ.साकेत कुमार औरडॉ. अमरजीत राज भी रोबोटिक सर्जरी का प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिससे भविष्य में अधिक संख्या में मरीजों को इसका लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित