कानपुर , फरवरी 9 -- आईआईटी कानपुर के चेस क्लब द्वारा "एसबीआई जीआईसी लि प्रस्तुत फिडे-रेटेड ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट 2026" का आयोजन योगा हॉल और मल्टी-पर्पज रूम में किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से 336 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे यह संस्थान में आयोजित अब तक के सबसे बड़े फिडे-रेटेड रैपिड टूर्नामेंटों में शामिल हो गया।

प्रतियोगिता में एक ग्रैंडमास्टर-इलेक्ट, तीन इंटरनेशनल मास्टर्स सहित कई खिताबधारी और उभरते खिलाड़ियों ने भाग लिया। फिडे रैपिड नियमों के तहत हुए मुकाबलों में कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंत में आईएम अनुज श्रीवास्त्री ने पहला, अर्नव अग्रवाल ने दूसरा और आईएम आर्यन वर्शनेय ने तीसरा स्थान हासिल किया। आईएम आदित्य ढिंगरा और आईएम दिनेश के. शर्मा क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।

चेस क्लब ने आयोजन के लिए शीर्ष प्रायोजक एसबीआई जीआईसी लि और सह-प्रायोजक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट से कैंपस में प्रतिस्पर्धी शतरंज को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर पर खेलने का अवसर प्राप्त होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित